अब्दुल रफ़ीक खान/कोमाखान (महासमुंद): जिला महासमुंद के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोमाखान में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पंचायत द्वारा बार-बार दिए गए निर्देशों की अवहेलना करने पर ग्राम सभा ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्माणाधीन मकान की दीवार पर ही बेदखली का नोटिस चस्पा कर दिया है।

क्या है पूरा विवाद?
कोमाखान के वार्ड क्रमांक 05 में दिनेश्वरी धीवर द्वारा कांजी हाउस के सामने स्थित सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर भवन निर्माण कराया जा रहा था। पंचायत का आरोप है कि इस संबंध में पहले भी कई बार मौखिक और लिखित सूचना दी गई थी, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रोका गया।
पंचायत प्रतिनिधियों ने घेरा निर्माण स्थल
आज ग्राम पंचायत कोमाखान की विशेष ग्राम सभा बुलाई गई, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से इस अवैध कब्जे को हटाने का निर्णय लिया। बैठक के बाद सरपंच श्रीमती जंवाबाई कुमार ठाकुर, उप सरपंच हिरेन्द्र उपाध्याय, सभी पंच गढ़ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुँचे।
नोटिस लेने से इंकार, दीवार पर चस्पा हुआ आदेश
घटनास्थल पर जब पंचायत प्रतिनिधियों ने संबंधित पक्ष को बेदखली का नोटिस सौंपने की कोशिश की, तो उन्होंने इसे लेने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद, पंचायत ने पारदर्शी कार्रवाई करते हुए पूरे ग्रामीणों की उपस्थिति में नोटिस को निर्माणाधीन मकान की बाहरी दीवार पर चस्पा कर दिया।
प्रशासनिक चेतावनी
पंचायत की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि:
* कांजी हाउस के सामने हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल बंद किया जाए।
* शासकीय भूमि को जल्द से जल्द खाली किया जाए।
ग्राम पंचायत का कहना है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन की मदद से निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी पंचायत के इस निर्णय का समर्थन किया है और सरकारी संपत्तियों के संरक्षण की मांग की है।







