तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनके फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जल्द ही निर्देशक एटली की फिल्म AA22xA6 में दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) के साथ नजर आने वाले अल्लू अर्जुन की इस फिल्म का आधिकारिक नाम अब ‘राका (Raaka)’ रखा गया है।
मेकर्स ने इस ऐलान के साथ ही सुपरस्टार का फर्स्ट लुक पोस्टर भी जारी किया। पोस्टर और नाम का खुलासा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सनपिक्चर्स के इंस्टाग्राम अकाउंट पर किया गया। इस पोस्ट में लिखा गया, “AA22xA6 अब राका है। खुद को एक नई और अनोखी दुनिया के लिए तैयार कर लें।”
फैंस के लिए चौंकाने वाला अवतार
पोस्टर में अल्लू अर्जुन का लुक बेहद अलग और चौंकाने वाला नजर आ रहा है। उनके चेहरे के एक हिस्से को ढकने वाला भेड़िए जैसी फर वाली हाथ की आकृति और बड़े नुकीले पंजे ने उनके लुक को और भी दमदार बना दिया है। उनके आंखों में काजल, आधे गंजे और रफ हेयरस्टाइल ने इस अवतार को पूरी तरह नया और खतरनाक बनाया है।
फैंस सोशल मीडिया पर इस नए लुक की खूब तारीफ कर रहे हैं और उनके इस अवतार को लेकर पहले ही चर्चा शुरू हो गई है। पोस्ट में नजर आ रहा लुक ऐसा है जिसे अल्लू अर्जुन के फैंस पहले कभी नहीं देख पाए हैं।
दीपिका पादुकोण के साथ आएगी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री
‘राका’ में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री और फिल्म का टाइटल पहले ही फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा चुका है। मेकर्स ने संकेत दिए हैं कि यह फिल्म पूरी तरह से एक्शन, ड्रामा और रोमांच से भरपूर होगी।
रिलीज और भविष्य
फिल्म की रिलीज डेट अभी तक घोषित नहीं हुई है, लेकिन फर्स्ट लुक पोस्टर और टाइटल ऐलान के बाद फैंस में फिल्म को लेकर जोश और एक्साइटमेंट बढ़ गया है। मेकर्स ने बताया है कि आने वाले समय में फिल्म से जुड़ी और भी जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।
अल्लू अर्जुन के 43वें जन्मदिन पर फिल्म के नाम और उनके नए अवतार ने फैंस के लिए बंपर सरप्राइज दिया है। इस साल के सबसे बड़े साउथ फिल्म अवतार में से एक बनने की पूरी संभावना है।







