-एक हफ्ते का अल्टीमेटम—कार्रवाई नहीं तो कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी
अर्जुन झा/दंतेवाड़ा। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) वरुण नागेश पर उन्हीं के विभाग में कार्यरत महिला कर्मचारियों द्वारा अश्लील व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। कल महिला कांग्रेस की जांच टीम द्वारा सखी सेंटर एवं विभाग में पहुंच सभी कर्मचारियों के बयान दर्ज कर कलेक्टर से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग रखी थी। आज महिला कांग्रेस द्वारा तुलिका कर्मा के नेतृत्व में डीपीओ वरुण नागेश का पुतला दहन किया गया। पुतला दहन से पहले महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर महिला का शोषण करना बंद करो, वरुण नागेश इस्तीफा दो, शासन-प्रशासन होश में आओ नारे लगाए। इस दौरान तुलिका कर्मा ने कहा कि यह मामला केवल एक अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे महिला समाज के सम्मान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी महिला कर्मचारी के साथ अन्याय होता है, तो महिला कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी।

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो महिला कांग्रेस द्वारा कलेक्ट्रेट घेराव किया जाएगा। वहीं महिला शहर अध्यक्ष इंदिरा शर्मा ने कहा कि सरकारी दफ्तरों में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि इस तरह के मामलों में ढिलाई बरती जाती है, तो इससे गलत संदेश जाता है और पीड़ित महिलाओं का मनोबल टूटता है। जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा ने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो और इसमें किसी भी प्रकार का दबाव या पक्षपात न हो। साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को तत्काल पद से हटाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुतला दहन के दौरान महिला कांग्रेस एवं पुलिस की हल्की झूमा झटकी भी हुई पर जूतों से सजे वरुण नागेश का पुतला दहन करने में महिला कांग्रेस सफल रही इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा सोरी, पार्षद राधा नाग, जिला महासचिव अविनाश सरकार, गायन सिंह, वेदांत, कविश समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।







