-उप नेता प्रतिपक्ष बघेल ने सरकार पर बोला हमला
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जारी नए कार्य आदेश के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। छत्तीसगढ़ विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष व बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बचते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को बाहरी एजेंसियों के हवाले कर रही है।
उप नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा है कि स्वास्थ्य सेवा निदेशालय छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 2 फरवरी 2026 को जारी आदेश में छत्तीसगढ़ एकीकृत निदान प्रबंधन प्रणाली लागू करने की जिम्मेदारी एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड को सौंपी गई है। यह कंपनी तिरुवनंतपुरम (केरल) की है और केंद्र सरकार के अधीन एक मिनी रत्न सार्वजनिक उपक्रम है। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने आरोप लगाया कि इस योजना के तहत राज्य के सरकारी अस्पतालों में जांच सेवाएं, लैब संचालन, मशीनें, मानव संसाधन, दवाइयां और पूरी डायग्नोस्टिक व्यवस्था एक बाहरी संस्था के हाथों में दी जा रही है। उन्होंने इसे “आउटसोर्सिंग मॉडल” बताते हुए कहा कि इससे सरकारी स्वास्थ्य तंत्र कमजोर होगा और स्थानीय स्तर पर जवाबदेही खत्म हो सकती है। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर जैसे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं की भारी कमी है।
ऐसे में राज्य के बाहर स्थित एजेंसी को जिम्मेदारी देना स्थानीय जरूरतों और परिस्थितियों की अनदेखी है, जिससे आम लोगों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलने में दिक्कत आ सकती है। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने और सरकारी स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर किसी भी प्रकार का निजीकरण या अप्रत्यक्ष नियंत्रण बढ़ाया गया, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में बड़ा जन आंदोलन करेगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी।







