Home चर्चा में मां दंतेश्वरी ने सुन ली अपने बेटे संतोष की पुकार, शीश झुकाने...

मां दंतेश्वरी ने सुन ली अपने बेटे संतोष की पुकार, शीश झुकाने पहुंचे सांसद संतोष पांडे

9
0

-नक्सलवाद के खात्मे के लिए पांडे ने माना आभार =

-सांसद संतोष पांडे को अब जाकर मिला संतोष =

-अर्जुन झा-

जगदलपुर। राजनांदगांव के मुखर सांसद एवं भाजपा के पूर्व बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पांडे को अब जाकर पूर्ण संतोष मिला है। छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग के नक्सल मुक्त होने पर उन्होंने जगदलपुर और दंतेवाड़ा के मंदिरों में पहुंच कर माई दंतेश्वरी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

दरअसल भाजपा के बस्तर संभाग प्रभारी रहते जगदलपुर और दंतेवाड़ा प्रवास के दौरान युवा सांसद संतोष पांडे ने मां दंतेश्वरी के दर पर मत्था टेकते हुए छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग के नक्सल मुक्त होने की कामना मातारानी से की थी। माताजी ने कृपा कर दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा की प्रबल इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के कठिन परिश्रम के दम पर बस्तर और छत्तीसगढ़ अब नक्सलमुक्त हो गए हैं। मनोकामना पूरी होने के बाद संतोष पांडे कल जगदलपुर पहुंचे। यहां के दंतेश्वरी मंदिर में मातारानी के समक्ष माथा नवाकर उन्होंने माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मेल मुलाकात की। इस दौरान इस संवाददाता से चर्चा करते हुए प्रखर वक्ता सांसद संतोष पांडे ने कहा कि बस्तर संभाग और यहां के निवासियों ने माओवादी हिंसा की जो त्रासदी चार दशकों तक झेली है, उसका वर्णन करना उतना ही मुश्किल है, जितना मुश्किल उस दौर में यहां के लोगों का जीवन था।

श्री पांडे ने कहा कि नक्सलियों ने यहां के लोगों का हितैषी होने का मुखौटा पहन कर आदिवासियों का शोषण किया, उनकी निर्मम हत्याएं की, पचासों परिवारों को हेसहारा और सैकड़ों बच्चों को अनाथ कर दिया। सांसद संतोष पांडे ने कहा कि हर उग्रवाद के पीछे स्वार्थ निहित रहता है। वैसा ही स्वार्थ साधने बाहरी तथाकथित नक्सली बस्तर के जंगलों में घुस आए थे। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और कथित शोषण के नाम पर स्थानीय लोगों और आदिवासियों को बरगलाया, उनकी आड़ में यहां लूटपाट मचाई। सांसद श्री पांडे ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा नक्सलवादियों और देश विरोधी ताकतों को संरक्षण दिया। कांग्रेस ने देश का भला कभी नहीं चाहा। कांग्रेस के इसी चरित्र के चलते छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद फलता फूलता रहा। कांग्रेस सरकार ने कभी भी इस गंभीर मसले पर गंभीरता नहीं दिखाई।

हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी और उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा जी ने बस्तर और छत्तीसगढ़ के निवासियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए दृढ़ संकल्प के साथ माओवाद के खात्मे के लिए कदम बढ़ाए। सुरक्षा बलों ने पूर्ण मनोबल के साथ नक्सल विरोधी अभियानों को अंजाम दिया। इन सभी के सार्थक प्रयासों से माओवाद का अंत हो गया है। इस सफलता के पीछे सबसे बड़ी कृपा माई दंतेश्वरी की रही है। श्री पांडे ने कहा- “मैने दो साल पहले मां दंतेश्वरी के चरणों में शीश नवा कर प्रार्थना की थी कि हमारा बस्तर और छत्तीसगढ़ माओवादी हिंसा से मुक्त हो जाएं, यहां शांति की बहाली हो। मातारानी ने अपने इस बेटे की करुण पुकार सुन ली। मैं माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने बस्तर आया हूं।” यहां से सांसद संतोष पाण्डेय आज दंतेवाड़ा रवाना हुए, जहां उन्होंने मां दंतेश्वरी के चरणों में नमन का उनका आभार माना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here