Home चर्चा में “तेज रफ्तार ट्रैक्टर बना काल, 42 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत”

“तेज रफ्तार ट्रैक्टर बना काल, 42 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत”

14
0

डुगेश्वर संजू साहू/भवानीपुर (पलारी)। गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक ट्रैक्टर हादसे में 42 वर्षीय युवक खेलावन सगरवंशी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी गिधपुरी उनेश देशमुख ने बताया कि 11 अप्रैल 2026 को सुबह लगभग 8:30 बजे ट्रैक्टर क्रमांक CG 22 AH 7015 एवं ट्रॉली क्रमांक CG 22 AH 8715 से चालक विजय कुमार सगरवंशी गांव के शुभम सगरवंशी और खेलावन सगरवंशी को बैठाकर कलिंदर बाड़ी की ओर जा रहा था।

बताया जा रहा है कि गांव से बाहर महानदी मार्ग की कच्ची सड़क पर, अश्वनी निषाद के घर के पास, चालक द्वारा तेज गति एवं लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने के दौरान ड्राइवर के बगल में बैठे खेलावन सगरवंशी अचानक नीचे गिर गए। गिरते ही ट्रॉली का पहिया उनके पेट के ऊपर चढ़ गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद विजय सगरवंशी एवं गौरव सगरवंशी घायल खेलावन को मोटरसाइकिल से इलाज के लिए शासकीय अस्पताल पलारी ले गए, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर कर दिया। एम्बुलेंस से उन्हें चंदा देवी तिवारी अस्पताल, बलौदाबाजार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंपा और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here