लक्ष्मी नारायण लहरे/सारंगढ़ –
क्षेत्र के वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं बहु उद्देशीय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पूर्व प्राचार्य रामलाल दोहरे का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 13 अप्रैल 2026 की सुबह रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में अंतिम सांस ली।
मूलतः उत्तर प्रदेश के निवासी रामलाल दोहरे ने अपना पूरा जीवन छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र को समर्पित कर दिया। वे एक सरल, सहज एवं अनुशासित व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल में हजारों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
अपने सेवाकाल के दौरान वे रायगढ़ के रेंगानपाली, कोसीर, सारंगढ़ एवं छपोरा जैसे विभिन्न विद्यालयों में प्राचार्य पद पर पदस्थ रहे। सेवानिवृत्ति के बाद वे सारंगढ़ में निवास कर रहे थे, वहीं भटगांव के दुरूग गांव में भी उनका पारिवारिक संबंध एवं निवास रहा है।
उनके निधन से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
अंतिम संस्कार
स्वर्गीय रामलाल दोहरे का अंतिम संस्कार दुरूग गांव (भटगांव) में किया जाएगा।
जीवन परिचय
- जन्म: 12 जून 1945
- निधन: 13 अप्रैल 2026
श्रद्धांजलि
शिक्षा जगत में उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।







