भैंसा मंडल क्षेत्र के ग्राम मजीठा में बनी पानी टंकी दो साल बाद भी शुरू नहीं हो सकी है, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस के भैंसा मंडल अध्यक्ष प्रकाश मार्कंडेय ने इस मुद्दे को उठाते हुए क्षेत्रीय विधायक और मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि गांव में पानी टंकी का निर्माण पूरा हो चुका है और उसका परीक्षण भी किया जा चुका है। साथ ही हर घर तक नल कनेक्शन भी दिया गया है, इसके बावजूद अब तक जल आपूर्ति शुरू नहीं की गई है।
गांव में इस समय शादी का सीजन चल रहा है, ऐसे में पानी की कमी से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि गांव में मौजूद एकमात्र तालाब भी सूख चुका है और उसमें पानी नहीं भरा गया है, जबकि आसपास के गांवों के तालाबों में पानी उपलब्ध है।
प्रकाश मार्कंडेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रभावित इस गांव की समस्याओं पर वर्तमान विधायक ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि टंकी निर्माण से जुड़े ठेकेदार और प्रशासन इस मामले में पूरी तरह मौन हैं।
उन्होंने मांग की है कि ग्राम मजीठा की इस गंभीर समस्या को देखते हुए जल्द से जल्द पानी टंकी चालू कर ग्रामीणों को राहत दी जाए।








