बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
महज 4 दिन कराई गई तेंदूपत्ता की तोड़ाई
अचानक बंद कर दी खरीदी, उड़ीसा में बिक रहा सुकमा का तेंदूपत्ता
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दुर्गेश राय ने वन विभाग पर सुकमा जिले के तेंदूपत्ता संग्राहकों
के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जिले में महज 3-4 दिन ही तेंदूपत्ता की तोड़ाई और खरीदी की गई। जिले का तेंदूपत्ता उड़ीसा में बिक रहा है। श्री राय ने सवाल उठाया है कि जब तेंदूपत्ता की खरीदी नहीं करनी थी, तो बूटा कटाई क्यों कराई गई? उन्होंने बूटा कटाई की आड़ में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया है।
कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने एक बयान जारी कर कहा है कि प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप के आदिवासी होने और सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री होने के नाते जिले के तेंदूपत्ता संग्राहक आदिवासियों को उनसे बड़ी उम्मीद थी कि इस सीजन में पूरा तेंदूपत्ता खरीदा जाएगा, मगर वन विभाग के अधिकारियों ने सुकमा के आदिवासी परिवारों के साथ बड़ा छल किया है। अब तक महज 2-4 दिन ही तेंदूपत्ता खरीदा गया और अचानक खरीदी बंद कर दी गई। कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने सवाल उठाया है कि जब पूरे तेंदूपत्ता की खरीदी नहीं करनी थी, तो लाखों रुपए खर्च कर बूटा कटाई का काम ही क्यों कराया गया? दुर्गेश राय ने आरोप लगाया है कि बूटा कटाई के नाम पर सुकमा जिले में बड़ा भ्रष्टाचार किया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दुर्गेश राय ने आरोप लगाया है जानकारी कि सुकमा जिला के तेंदूपत्ता संग्राहकों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। वन विभाग के कर्मियों से जब तेंदूपत्ता श्रमिक सवाल करते हैं तो बताया जाता है कि सरकार और एवं उपर से आए निर्देश के कारण तेंदूपत्ता की खरीदी नहीं की जा रही है। दुर्गेश राय ने जानकारी दी है कि सुकमा के मरान, जंगल से तेंदूपत्ते को ओड़िसा के लोग तोड़ कर ले जा रहे हैं और ओड़िसा मे उसकी बिक्री की जा रही है।श्री राय ने सवाल उठाया है कि जब तेंदूपत्ता नहीं खरीदना था तो बूटा कटाई क्यों कराई गई। वन विभाग पहले ही हितग्राहियों को सूचित कर देता तो लोग सीमिति मात्रा में तेंदूपत्ता की तोड़ाई करते। श्री राय ने कहा है कि तेंदूपत्ता श्रमिक अपने बच्चों की स्कूल फीस, कॉपी पुस्तक, शादी, खेती किसानी के लिये तेंदूपत्ता पर ही निर्भर रहते हैं। ऐसे में उनके साथ वन विभाग द्वारा इस तरह धोखा करना गलत। वन विभाग की मनमानी और लापरवाही का खामियाजा सुकमा जिले के आदिवासी समुदाय को भुगतना पड़ रहा है और फायदा ओड़िसा के लोग उठा रहे हैं। वन विभाग के कर्मचारी भी इसमें फायदा उठा रहे हैं। सुकमा के जंगलों से तेंदूपत्ता ले जाने वाले ओड़िसा के लोगों से वन विभाग सीमा पार कराने के एवज में लेवी की वसूली की जा रही है। श्री राय ने सुकमा जिले में पूरे सीजन भर तेंदूपत्ताखरीदी जारी रखने की मांग शासन से की है।








