बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
सामरी से कूटकू जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गिट्टी ढोने वाले तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने सड़क किनारे मौजूद एक गाय को कुचल दिया। इस हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मार्ग पर लगातार ओवरस्पीड और ओवरलोड हाईवा वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसी लापरवाही का परिणाम है कि बस्ती क्षेत्र में यह हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
घटना की सूचना मिलते ही सामरी थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह को दी गई। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती क्षेत्र से गुजरने वाले भारी वाहनों पर न तो गति नियंत्रण है और न ही ओवरलोडिंग पर कोई सख्ती की जा रही है। आए दिन ऐसे हादसे होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई हो और बस्ती क्षेत्र में वाहनों की गति सीमा तय की जाए।
यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।








