-दल्ली राजहरा में बंटी मिठाई और झालमुरी
अर्जुन झा/दल्ली राजहरा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक एवं प्रचंड जीत पर भाजपा जिला महामंत्री श्री सौरभ लूनिया ने बंगाल की देवतुल्य जनता एवं समस्त कर्मठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री लूनिया ने कहा है कि बंगाल की जनता ने तुष्टिकरण और गुंडाराज को जड़ से उखाड़कर राष्ट्रवाद का कमल खिलाया है। यह जीत मां, माटी, मानुष के नाम पर हुए छल के विरुद्ध दिया गया करारा जवाब है।उन्होंने कहा कि यह जीत भ्रष्टाचार, हिंसा और कुशासन के खिलाफ दिया गया स्पष्ट जनादेश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मंत्र तथा गृहमंत्री अमित शाह जी की अचूक रणनीति पर जनता ने पूर्ण विश्वास जताया है। इस अवसर पर जिला सह सोशल मीडिया प्रभारी अनिकेत देशलहरे ने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री मोदी के विकास मॉडल और भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। बंगाल की जनता ने परिवारवाद को नकारकर राष्ट्रवाद को चुना है। हमें विश्वास है कि भाजपा सरकार सोनार बांग्ला के सपने को साकार करेगी।
वहीं श्री लूनिया ने विश्वास जताया कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सोनार बांग्ला के संकल्प को साकार करेगा। बंगाल के प्रत्येक बूथ कार्यकर्ता के त्याग और परिश्रम को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि यह विजय लाखों कार्यकर्ताओं के खून-पसीने का परिणाम है। इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में दल्ली राजहरा के गुप्ता चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू के नेतृत्व में जमकर आतिशबाजी की और झालमुड़ी व मिठाई बांटकर जीत का जश्न धूमधाम से मनाया।* इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा मण्डल में निवासरत प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, युवा मोर्चा पदाधिकारी-सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








