बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर – छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा एवं सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान के दौरान माओवादियों के पुराने ठिकानों और डंपों से भारी मात्रा में नकदी, हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री तथा दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुसार जिले को नक्सलमुक्त घोषित करने के लक्ष्य के तहत लगातार विशेष नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। विगत एक माह से जिला पुलिस, डीआरजी, कोबरा एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा सुदूर एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सघन सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान संचालित किया जा रहा था।
ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत आसूचना तंत्र के आधार पर सुरक्षा बलों को जंगलों में छिपाकर रखे गए कई माओवादी डंपों की जानकारी मिली। इसके बाद संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद की।
₹20 करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद
संयुक्त कार्रवाई में इस बार कुल ₹65 लाख 52 हजार नकद बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही अब तक सुरक्षा बलों द्वारा की गई कार्रवाइयों में कुल ₹7.2852 करोड़ नकद और 08.20 किलोग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12.80 करोड़ बताई गई है, बरामद किया जा चुका है। इस प्रकार कुल ₹20 करोड़ 08 लाख 52 हजार की संपत्ति जब्त की गई है।
32 घातक हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद
सुरक्षा बलों की कार्रवाई में एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन, .303 रायफल सहित कुल 32 हथियार और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक संयुक्त कार्रवाई में कुल 517 हथियार बरामद किए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2025-26 में ही 461 हथियारों की रिकवरी की गई है।
बरामद हथियारों में शामिल हैं —
- 01 एलएमजी रायफल
- 04 एसएलआर रायफल
- 01 कार्बाइन रायफल
- 05 .303 रायफल
- 01 .315 रायफल
- 05 सिंगल शॉट हथियार
- 04 बारह बोर बंदूक
- 07 बीजीएल लॉन्चर
- 01 पिस्टल
- 03 बोल्ट एक्शन हथियार सहित अन्य सामग्री
इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में जिंदा कारतूस, मैग्जीन, बीजीएल सेल, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, आईईडी के पुर्जे, मशीन उपकरण तथा दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद की गई है।
अमोनियम नाइट्रेट और विस्फोटक सामग्री नष्ट
संयुक्त बलों ने थाना पामेड़ क्षेत्र के कवरगुट्टा जंगलों से लगभग 40 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट तथा नेशनल पार्क क्षेत्र से 100 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया बरामद किया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इन विस्फोटक सामग्रियों को नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई, हथियार आपूर्ति तंत्र और आईईडी निर्माण क्षमता को गंभीर क्षति पहुंची है।
234 माओवादी ढेर, 1192 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक जिले में चलाए गए अभियानों के दौरान 234 माओवादी मारे गए हैं, जबकि 1192 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 1003 माओवादी पुनर्वास नीति के तहत मुख्यधारा में लौटे हैं। इसके अलावा 1092 आईईडी भी बरामद किए गए हैं।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
जिला पुलिस ने आम जनता एवं ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, विस्फोटक सामग्री अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा बलों की सतत मुस्तैदी और ग्रामीणों के सहयोग से बीजापुर जिला लगातार नक्सलमुक्ति की ओर अग्रसर है।








