बीते दिनों रद्द हुई NEET-UG परीक्षा की नई तारीख सामने आ गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने दोबारा परीक्षा की घोषणा की है। जानकारी के मुताबिक NEET-UG की दोबारा परीक्षा 21 जून को होगी। बता दें कि 3 मई को देश भर में NEET-UG की परीक्षा हुई थी। बाद में पेपर लीक के चलते परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इस परीक्षा में 22 लाख बच्चे बैठे थे, ऐसे में अब सभी अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। एनटीए ने अभ्यर्थियों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, जिससे अभ्यर्थी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में रिएग्जाम का ऐलान किया है। एक्स पर एक पोस्ट में एनटीए ने लिखा, “भारत सरकार की स्वीकृति से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026, रविवार को NEET (UG) परीक्षा का पुनर्नियोजन निर्धारित किया है। उम्मीदवारों और अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।” इसके अलावा एनटीए ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। अभ्यर्थी किसी भी जानकारी के लिए 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईमेल neet-ug@nta.ac.in के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।








