Home चर्चा में सुशासन तिहार: गांव-गांव पहुंच रही शासन की योजनाएं, शिविरों में मिल रहा...

सुशासन तिहार: गांव-गांव पहुंच रही शासन की योजनाएं, शिविरों में मिल रहा त्वरित समाधान

12
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
ग्राम पंचायत कापन में हुआ जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन, कुल 924 आवेदन प्राप्त हुए
विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित पात्र हितग्राहियों को सामग्रियों, चेक का किया गया वितरण
       जांजगीर-चांपा 22 मई 2026। राज्य शासन द्वारा सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार के अंतर्गत लगातार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
      इसी क्रम में जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत कापन में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों में नागरिकों ने अपनी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविरों में राशन कार्ड, श्रम कार्ड, रोजगार कार्ड, आइस बाक्स जाल सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित पात्र हितग्राहियों को सामग्रियों, चेक का किया गया वितरण किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवासों की चाबियां हितग्राहियों को सौंपी गईं। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पूरक पोषण आहार, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा बाल विवाह रोकथाम के संबंध में जागरूकता दी गई। जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत कापन में आयोजित शिविर में कुल 924 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमे 868 मांग एवं 56 शिकायत से संबंधित है।
 
        जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु किया जा रहा है। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित होकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं एवं उनका निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक दी जा रही है, जिससे आमजन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। इस दौरान पूर्व विधायक श्री चुन्नी लाल साहू, जनपद पंचायत अकलतरा अध्यक्ष शकुन देव अघरिया, जनपद सदस्य श्री शंकर गौतम, श्री ईश्वर साहू, श्री आनंद मिरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकजन उपस्थित थे।
26 मई को खरौद एवं खैजा में होगा शिविर का आयोजन
        सुशासन तिहार अंतर्गत 26 मई को नगर पंचायत खरौद के नगर पंचायत भवन तथा जनपद पंचायत बलौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत खैजा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खैजा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। नगर पंचायत खरौद में आयोजित शिविर में वार्ड क्रमांक 01 से 15 तक के कुल 15 वार्ड शामिल होंगे। वहीं ग्राम पंचायत खैजा में आयोजित शिविर में खैजा, नवगवां, बेलटुकरी, पंतोरा, हेड़सपुर, बक्सरा, अंगारखार, करमा, कण्डरा, गतवा, केराकछार, बोकरेल, बोकरामुड़ा, परसदा, पुरेना, देवरी, पहरिया, करमंदा, औराईखुर्द, औराईकला, जर्वे-ब, बैजलपुर एवं खोहा सहित कुल 23 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here