सोमन साहू/आरंग। नगर के खरोरा मार्ग स्थित घरों एवं दुकानों में लगातार बनी हुई लो वोल्टेज की समस्या को लेकर नगर व्यापारी संघ ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर शीघ्र समाधान की मांग की। इस संबंध में व्यापारी संघ द्वारा विभाग को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया।
व्यापारियों ने अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण एसी, कूलर, पंखे, फ्रीज, मशीनें एवं अन्य विद्युत उपकरण सही ढंग से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। गर्मी के मौसम में समस्या और अधिक गंभीर हो गई है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारी संघ ने कहा कि कम वोल्टेज के कारण इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का खतरा लगातार बना हुआ है तथा दुकानदारों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने समस्या के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष सूरज शर्मा, सचिव दिलीप चंद्राकर, मीडिया प्रभारी शरद गुप्ता, पंकज शुक्ला, जगन पाल, राकेश गुप्ता, लगनू खान एवं दीपक सोनी उपस्थित रहे।








