गर्मियों में पके हुए आम से मालपुआ बनाकर खाएं। बच्चों को आम के मालपुआ खूब पसंद आएंगे। हल्के पीले रंग के चाशनी में डूबे ये मालपुआ इतने मुलायम बनते हैं कि मुंह में जाते ही घुल जाएं। आम मालपुआ बनाना भी बेहद आसान है। आप इसे आटा, सूजी, दूध और आम से तैयार कर सकते हैं। ऐसे मालपुआ आपने पहले कभी नहीं खाए होंगे। आपको ये रेसिपी एक बार जरूर ट्राई करनी चाहिए। आप चाहें तो इन्हें बिना चाशनी के भी बना सकते हैं। फटाफट नोट कर लें आम के पुआ की रेसिपी।
आम मालपुआ रेसिपी
पहला स्टेप- मालपुआ बनाने के लिए आप 2 मीडियम साइज के पके आम लें और उसका पल्प निकाल लें। अब मिक्सी में 1 कप सूजी, 3-4 इलायची, आम डालकर पीस लें। अब इसमें एक चौथाई कप गेहूं का आटा और 1 कप दूध मिलाकर अच्छा घोल बना लें। दूध आप अपने हिसाब से कम ज्यादा डाल सकते हैं। आपको ऐसा घोल बनाना है जैसा मालपुआ के लिए बनता है।
दूसरा स्टेप- अब एक कप चीनी में एक कप पानी डालकर चाशनी बना लें। आपको 1 तार की चाशनी बनानी है। अब एक कड़ाही में घी या तेल गर्म करें और इसमें मालपुआ डालकर सेंक लें। मीडियम फ्लेम पर सारे मालपुआ सेंककर निकाल लें। अब आप इन्हें चाशनी में डाल दें। थोड़ी देर चाशनी में पड़े रहने के बाद मालपुआ को निकाल लें।
तीसरा स्टेप- तैयार हैं टेस्टी आम के मालपुआ। बच्चों को ये रेसिपी खूब पसंद आएगी। आपको इसे एक बार जरूर बनाकर ट्राई करना चाहिए। आम का फ्लेवर मालपुआ के स्वाद को और भी मजेदार बना देगा। घर में मेहमान आने पर ये मालपुआ बनाकर खिला सकते हैं।
मालपुआ को हल्का पानी बनाने के लिए आप इसमें थोड़ा पीला फूड कलर मिला सकते हैं। अगर पीला कलर नहीं है तो इसमें थोड़ी केसर डाल दें। इससे फ्लेवर और रंग दोनों मजेदार आते हैं। आम के पुआ को बनाकर आप 2-3 दिन तक आसानी से खा सकते हैं। फ्रिज में रखने पर मालपुआ ठंडे हो जाते हैं और खाने में इनका स्वाद और भी बढ़ जाता है। ऊपर से पिस्ता और काजू बादाम से गार्निश करके इन्हें सर्व करें।