रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी
रतनपुर। मां महामाया गौ सेवा धाम द्वारा आयोजित तीन दिवसीय गौ कथा महोत्सव का समापन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ हुआ। यह आयोजन 25 मई से 27 मई तक आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य यजमान के रूप में सतीश शर्मा एवं श्रीमती गायत्री शर्मा उपस्थित रहे। कथा वाचक पंडित अनुराग कृष्णा दुबे ने अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को गौ माता की महिमा और सनातन संस्कृति का सुंदर रसपान कराया।
महोत्सव के अंतिम दिवस पर पंडित अनुराग कृष्णा दुबे ने गौ माता के महत्व का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि गौ सेवा परम पुण्य का कार्य है तथा समाज को गौ रक्षा के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौ कथा का मुख्य उद्देश्य समाज में सनातन संस्कृति को जागृत करना और लोगों को गौ माता एवं बेजुबान जीवों के प्रति संवेदनशील बनाना है।

कथा के दौरान यह भी बताया गया कि गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए गौ माता की रक्षा और सेवा प्रत्येक सनातनी का कर्तव्य है। गौ कथा के माध्यम से प्राप्त सहयोग एवं दान राशि का उपयोग गौ सेवा धाम के संचालन और विस्तार में किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित समस्त हिंदू भाई-बहनों से गौ माता की रक्षा हेतु आगे आने का आह्वान किया गया। साथ ही सरकार से गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित करने की मांग भी की गई। इस मांग को लेकर रतनपुर मां महामाया गौ सेवा धाम के सभी सेवकों एवं श्रद्धालुओं ने एक स्वर में जयकारे लगाए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा।








