संवाददाता डुगेश्वर संजू साहू
भवानीपुर (पलारी)। नगर सहित क्षेत्रभर में ईद-उल-अजहा का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। सुबह लगभग 8 बजे स्थानीय कब्रिस्तान स्थित ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। नमाज मौलाना मुस्तकीम रजा ने पढ़ाई, जिसमें देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी गई।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने कब्रिस्तान पहुंचकर अपने बुजुर्गों को याद किया और अल्लाह ताला से उनके हक में दुआएं मांगी। इसके पश्चात सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह में मुस्लिम जमात के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इसी प्रकार विकासखंड के ग्राम सोनार देवरी में भी ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कर देश में सुख-शांति और भाईचारे की दुआ की गई। सभी समाज के लोगों ने मुस्लिम समाज को ईद की शुभकामनाएं दीं। पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग भी सराहनीय रहा।








