पुकार बाफना/बीजापुर 01 जून 2026-
तेन्दूपत्ता संग्रहण सीजन 2026 के अंतर्गत जिले की 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 45 लॉटों में 40 हजार 716 संग्राहकों द्वारा कुल 65,430.359 मानक बोरा तेन्दूपत्ता का संग्रहण किया गया है। शासन द्वारा निर्धारित 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से संग्राहकों को कुल 35.99 करोड़ रुपये पारिश्रमिक का भुगतान किया जाना है।
भुगतान प्रक्रिया के तहत प्रथम चरण में 12 हजार 379 संग्राहकों के खातों में 12 करोड़ रुपये की राशि ऑनलाइन हस्तांतरित की गई है। इसमें प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति गुडमा के 1,912 संग्राहकों को 1.95 करोड़ रुपये, कुटरू के 937 संग्राहकों को 1.29 करोड़ रुपये, तोयनार के 961 संग्राहकों को 1.20 करोड़ रुपये तथा बरदेला के 1,023 संग्राहकों को 1.11 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
इसी प्रकार संतोषपुर, भैरमगढ़, माटवाड़ा, कोडोली, नैमेड़, भद्रकाली एवं चेरपल्ली समितियों के संग्राहकों के खातों में भी लाखों रुपये की राशि ऑनलाइन जमा की गई है। शेष समितियों में संग्राहकों द्वारा संग्रहित तेन्दूपत्ता की मात्रा का ऑनलाइन सत्यापन एवं प्रविष्टि कार्य जारी है। अधिकारियों के अनुसार सभी संग्राहकों को ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में पारिश्रमिक राशि का भुगतान किया जाएगा। तेन्दूपत्ता बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग संग्राहक खेती-किसानी, घरेलू आवश्यकताओं एवं अन्य आजीविका गतिविधियों में करते हैं। मानसून पूर्व भुगतान मिलने से संग्राहकों को कृषि कार्यों की तैयारी में राहत मिलेगी।








