आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। नगर के व्यापारियों ने आज अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अभिलाषा पैकरा से मुलाकात कर यातायात व्यवस्था में सुधार तथा बाईपास सड़क निर्माण की मांग को लेकर एक लिखित ज्ञापन सौंपा।
व्यापारी संघ के अध्यक्ष सूरज शर्मा ने बताया कि नगर का कॉलेज चौक आरंग का सबसे व्यस्ततम चौक है, जहां से बस्तर, जगदलपुर, धमतरी, बिलासपुर और शिवरीनारायण को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग गुजरते हैं। इस चौक से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी मालवाहक वाहन आवागमन करते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं और जन-धन की हानि होती है।
उन्होंने मांग की कि कॉलेज चौक पर स्थायी रूप से पुलिस जवानों की तैनाती की जाए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही आरंग-खरोरा-नयापारा मार्ग को पंचमुखी तक बाईपास सड़क के माध्यम से जोड़े जाने की मांग भी की गई। व्यापारियों का कहना है कि बाईपास बनने से भारी वाहनों का दबाव शहर के भीतर कम होगा, यातायात व्यवस्थित होगा और आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम अभिलाषा पैकरा ने व्यापारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए कहा कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इस अवसर पर व्यापारी संघ के अध्यक्ष सूरज शर्मा, सचिव दिलीप चंद्राकर, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता, संरक्षक दीपक सोनी, उपाध्यक्ष पंकज शुक्ला, मीडिया प्रभारी शरद गुप्ता, जगन पाल, संतोष साहू तथा लगनू खान सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।








