Home चर्चा में श्रीनगर चौक खमतराई में तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता रूपनारायण...

श्रीनगर चौक खमतराई में तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

9
0
रायपुरसंवाददाता – रघुराज
राजधानी रायपुर के श्रीनगर चौक खमतराई स्थित वीर शिवाजी वार्ड के सामुदायिक भवन में तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी द्वारा एक विशेष शोक सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त वरिष्ठ भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत सोसाइटी के कार्यालय में स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान वहां मौजूद सभी लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष टी. गोपी और महासचिव के. सत्य बाबू उपस्थित रहे। उनके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों में वार्ड पार्षद गज्जू साहू और पूर्व पार्षद मोहन उपारकर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और स्वर्गीय सिन्हा के योगदान को याद किया।
 
शोक सभा में उपस्थित अभिषेक भारद्वाज, मुरली, लक्ष्मण, गणेश सहित समाज के कई अन्य वरिष्ठ और गणमान्य नागरिकों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि रूपनारायण सिन्हा एक बेहद सरल, सहज और जमीन से जुड़े हुए नेता थे। योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में समाज कल्याण के लिए किए गए उनके कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा। उनका इस तरह अचानक चले जाना पूरे समाज और संगठन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी और स्थानीय नागरिकों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।
गौरतलब है कि वरिष्ठ भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा का हाल ही में बिलासपुर में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने और दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया था। उनके निधन की इस दुखद खबर के बाद से ही पूरे प्रदेश में शोक की लहर है और विभिन्न संगठनों व समाज के लोगों द्वारा उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here