-धानमंत्री आवास, राशन कार्ड और पेयजल रही प्रमुख मांगें, तेंदूपत्ता संग्राहकों के लंबित भुगतान पर दिए तत्काल निर्देश
संवाददाता युसूफ खान
कुसमी, बलरामपुर
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड कुसमी के ग्राम पंचायत कंजिया में विशाल समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जहां सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं।

शिविर में पहुंचने पर विधायक का स्वागत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनमोल विवेक टोप्पो एवं जनपद पंचायत कुसमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक पांडेय द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का भी पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं राज्य गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी, आवेदनों का हुआ निराकरण
शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी ग्रामीणों को दी। अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित भी किया।
भाजपा सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक उद्देश्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंती भगत तथा उपाध्यक्ष अशोक सोनी ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ एवं पात्रता की विस्तार से जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ लेने की अपील की।
प्रधानमंत्री आवास, पेयजल और राशन कार्ड की मांग प्रमुख
शिविर में ग्रामीणों द्वारा सबसे अधिक प्रधानमंत्री आवास, पेयजल व्यवस्था तथा नए राशन कार्ड बनाए जाने संबंधी मांगें रखी गईं। विधायक ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन मांगों के निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
5 जून की ग्रामसभा को लेकर दिए विशेष निर्देश
विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने सभी सरपंचों एवं सचिवों को निर्देशित करते हुए कहा कि 5 जून को आयोजित होने वाली ग्रामसभाओं की सूचना प्रत्येक ग्रामीण तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर प्रस्ताव शासन को भेजे जाएं, ताकि जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान का लाभ मिल सके।
तेंदूपत्ता संग्राहकों के भुगतान का मामला उठा
शिविर के दौरान गजाधरपुर समिति क्षेत्र की महिलाओं ने शिकायत की कि पिछले वर्ष तेंदूपत्ता संग्रहण करने के बावजूद उन्हें अब तक भुगतान नहीं मिला है। इस पर विधायक ने तत्काल कुसमी वन परिक्षेत्राधिकारी को बुलाकर मामले की जानकारी ली और सभी लंबित भुगतान शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
जल संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम में जल संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत में सोख्ता गड्ढों के निर्माण का सुझाव दिया गया। जनभागीदारी से जलस्तर बढ़ाने के इस अभियान में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शपथ भी ली।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक उद्देश्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज, एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो, सीईओ जनपद पंचायत अभिषेक पांडेय, जनपद अध्यक्ष बसंती भगत, उपाध्यक्ष अशोक सोनी, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह पैकरा, मंडल अध्यक्ष शशि टोप्पो, उपसरपंच विनय यादव, दुर्गेश गुप्ता जी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, 16 ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव, रोजगार सहायक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रयासों ने कार्यक्रम को सफल और जनहितकारी बना दिया।








