रिपोर्ट- खिलेश साहू
कुरूद- कृषि विभाग द्वारा किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने एवं उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिले में उर्वरक विक्रेताओं की नियमित जांच की जा रही है। इसी क्रम में उपसंचालक कृषि ,वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा विकासखंड कुरूद के उर्वरक विक्रय संस्थानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान चंडी ट्रेडर्स, कुरूद में पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक एवं वास्तविक भौतिक भंडारण में अंतर पाया गया। साथ ही स्टॉक पंजी एवं मूल्य सूची का संधारण एवं प्रदर्शन नहीं पाया गया। इसी प्रकार किसान ट्रेडर्स, कुरूद में मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं होने तथा उर्वरकों की व्यवस्थित स्टैकिंग नहीं पाए जाने पर अनियमितताएं दर्ज की गईं।
पाई गई अनियमितताओं के आधार पर उपसंचालक कृषि द्वारा चंडी ट्रेडर्स, कुरूद एवं किसान ट्रेडर्स, कुरूद के उर्वरक विक्रय लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
कृषि विभाग द्वारा सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक विक्रय पर कैश मेमो में किसान के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से प्राप्त करें तथा किसानों को उनकी भूमि के रकबे एवं अनुशंसित बीवी मात्रा के अनुसार ही उर्वरकों का वितरण सुनिश्चित करें। इससे उर्वरकों के वितरण में पारदर्शिता आएगी तथा किसानों को उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध हो सकेंगे।
कृषि विभाग द्वारा उर्वरक दुकानों का निरीक्षण एवं जांच अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभाग सतत निगरानी एवं कार्यवाही कर रहा है।








