Home चर्चा में तेज बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर बाल सुधार गृह से 11...

तेज बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर बाल सुधार गृह से 11 नाबालिग फरार

4
0

हत्या, दुष्कर्म, लूट समेत गंभीर मामलों में थे निरुद्ध; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अंबिकापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह (बाल सुधार गृह) से 11 नाबालिगों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम तेज बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर नाबालिगों ने बैरक की खिड़की उखाड़ दी और परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

खिड़की उखाड़कर बनाया भागने का रास्ता
जानकारी के अनुसार शाम करीब साढ़े सात बजे इलाके में तेज बारिश के साथ बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसी दौरान एक बैरक में बंद नाबालिगों ने खिड़की को नुकसान पहुंचाकर बाहर निकलने का रास्ता बनाया और एक-एक कर परिसर से बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि सभी ने सुरक्षा दीवार पार कर फरार होने में सफलता हासिल कर ली।

एक घंटे बाद चला घटना का पता
हैरानी की बात यह है कि मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होने के बावजूद किसी को इसकी भनक नहीं लगी। कर्मचारियों को करीब एक घंटे बाद नाबालिगों के गायब होने की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

गंभीर मामलों में थे बंद
फरार हुए नाबालिग सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों के बताए जा रहे हैं। इनमें कई हत्या, दुष्कर्म, लूट और चोरी जैसे गंभीर मामलों में निरुद्ध थे। घटना के बाद पुलिस ने उनके गृह जिलों की पुलिस को भी सूचना भेज दी है और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।

तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया। फरार नाबालिगों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का दावा है कि सभी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एक साथ 11 नाबालिगों के फरार होने की इस घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खिड़की उखाड़कर भाग निकलना और लंबे समय तक इसकी जानकारी न होना सुरक्षा प्रबंधन की बड़ी चूक माना जा रहा है। मामले की जांच के साथ-साथ सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here