Home चर्चा में धूमधाम से मना संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी बच्चों का हुआ...

धूमधाम से मना संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी बच्चों का हुआ भव्य स्वागत

10
0
जिला संवाददाता डुगेश्वर संजू साहू
भवानीपुर (पलारी)। संकुल केन्द्र भवानीपुर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला भवानीपुर में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संतोष कुमार साहू अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता संकुल प्रभारी प्राचार्य पी.के. माहेश्वरी ने की। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराकर एवं पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि संतोष कुमार साहू ने कहा कि “शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें।” उन्होंने बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पी.के. माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि “विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का मंच है। शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।”
इस अवसर पर प्रधान पाठक श्रीमती शारदा बरतामसी ने सभी नवप्रवेशी बच्चों को पहाड़ा, पेंसिल एवं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं अनुशासन का महत्व बताया।
कार्यक्रम में नागेंद्र गघृतलहरे (व्याख्याता), विजय चंद्राकर, नरेन्द्र चंद्राकर, प्रीतम सिंह ध्रुव,  दीपक कुमार शर्मा (प्रधान पाठक), हेमराज दीवान, राजकुमार पटेल, श्रीमती झाल बाई गेन्द्रे सहित ग्रामीण धनेश्वर साहू, टिकेश्वर, शनि राम ध्रुव, ढालेंद्र साहू, संजू साहू, केजा बाई निषाद, कृष्णा साहू, शकुन साहू, रमीना ध्रुव, संतोषी निषाद, सीमा, ललिता साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन संकुल समन्वयक विष्णु कुमार फेकर ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here