शिक्षा जगत के गणमान्य अतिथियों ने दिया मार्गदर्शन, लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास को बताया सफलता की कुंजी
जिला संवाददाता डुगेश्वर संजू साहू
भवानीपुर (पलारी)। क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चेष्टा क्लासेस का भव्य शुभारंभ लीलाधर फैंसी के ऊपर, रोहांसी में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, समाज एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवेंद्र डंडी गुरुजी, संकुल समन्वयक एवं ब्लॉक संयोजक अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन रहे। विशिष्ट अतिथियों में लेखराम पटेल व्याख्याता, सेजस रोहांसी, गजेंद्र साहू (शिक्षक, मिडिल स्कूल अमेठी), सुरेश कन्नौजे, कौशल साहू, लीलाधर साहू, रोहित साहू एवं खिलावन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र बताते हुए कहा कि जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, कड़ी मेहनत, निरंतरता और सकारात्मक सोच आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए योजनाबद्ध अध्ययन करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
चेष्टा क्लासेस के संचालकों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास निर्माण और करियर मार्गदर्शन के माध्यम से उन्हें भविष्य के लिए सक्षम एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।








