Home कोरबा दिनदहाड़े हथियारबंद लुटेरों का तांडव सारी हरकतें सीसीटीवी कैमरे में हुआ कैद

दिनदहाड़े हथियारबंद लुटेरों का तांडव सारी हरकतें सीसीटीवी कैमरे में हुआ कैद

11
0

गुरदीप सिंह –

कोरबा जिले के कटघोरा स्थित राज ज्वैलर्स में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए, जिनमें से एक आरोपी महिला की वेशभूषा (सलवार-सूट) पहनकर आया था।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने सोने की अंगूठी देखने के बहाने दुकान के कर्मचारियों को बातचीत में उलझाया और अचानक मिर्ची पाउडर फेंक दिया। इसके बाद कट्टा और चाकू की नोक पर दुकान में रखे जेवरात लूटने की कोशिश की। इस दौरान बदमाश कुछ असली आभूषणों के साथ नकली (आर्टिफिशियल) ज्वेलरी को भी असली समझकर अपने साथ ले गए।

घटना के समय दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। बदमाशों के भागने के दौरान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने साहस दिखाते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि विरोध करने पर संचालक के हाथ में दांत से काटकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

संचालक की बहादुरी और तत्परता के चलते बदमाश बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। भागते समय आरोपी अपना कट्टा और प्लैटिना बाइक मौके पर ही छोड़ गए। हालांकि, वे कुछ आर्टिफिशियल (नकली) ज्वेलरी लेकर फरार होने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here