Home चर्चा में जनसेवा में डिजिटल क्रांति: सेवा सेतु से आसान हुई नागरिक सेवाएं

जनसेवा में डिजिटल क्रांति: सेवा सेतु से आसान हुई नागरिक सेवाएं

6
0

-समयबद्ध प्रक्रिया से सन्नू हेमला को मिला आय प्रमाण-पत्र, जिला प्रशासन की डिजिटल पहल से बढ़ा आमजन का विश्वास

पुकार बाफना/बीजापुर 01 जुलाई 2026/
जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा आम नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु पहल ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सुशासन को नई दिशा दे रही है। सेवा सेतु केन्द्रों के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को बिना अनावश्यक भागदौड़ के आवश्यक प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध हो रहे हैं।

इसी क्रम में ग्राम गंगालूर, तहसील गंगालूर, जिला बीजापुर के निवासी सन्नू हेमला को आय प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। आवेदन का सफलतापूर्वक निराकरण करते हुए उन्हें आय प्रमाण-पत्र क्रमांक – 0706012618001956 जारी किया गया। प्रमाण-पत्र के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए उनकी वार्षिक आय ₹75,000 प्रमाणित की गई।

प्रमाण-पत्र का वितरण सेवा सेतु मैनेजर श्री रामू हेमला द्वारा किया गया। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन, पारदर्शी एवं समयबद्ध रही, जिससे हितग्राही को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। निर्धारित समय सीमा में प्रमाण-पत्र प्राप्त होने पर हितग्राही ने जिला प्रशासन की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।

हितग्राही सन्नू हेमला ने बताया कि सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से आवेदन करना अत्यंत सरल एवं सुविधाजनक रहा। पहले ऐसे कार्यों के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जबकि अब सेवा सेतु के माध्यम से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरी हुई। समय पर आय प्रमाण-पत्र मिलने से उनके आवश्यक कार्यों में सुविधा हुई।

जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा संचालित सेवा सेतु पहल शासन की डिजिटल सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। सेवा सेतु केन्द्रों के माध्यम से आय, जाति, स्थानीय निवास, विवाह प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक शासकीय सेवाएं समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों का शासन के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है तथा सुशासन को नई गति मिल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here