विमल सोनी/बिलासपुर। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) बिलासपुर द्वारा आज दिनांक 30 जून 2026 को रतनपुर में ‘युवा विकास अभियान’ का सफल आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी नितिन शर्मा के निर्देशन में आयोजित यह कार्यक्रम शाम 4:00 से 5:00 बजे के बीच मां महामाया मंदिर खेल मैदान के ओपन शेड में संपन्न हुआ।
अभियान के तहत कोटा ब्लॉक के अंतर्गत कुल 35 नए यूथ मंडलों (यूथ क्लबों) का डिजिटल रजिस्ट्रेशन कराया गया। इन सभी क्लबों के युवाओं को एकजुट करने के लिए एक सामूहिक युवा सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम में एक्सपेरिमेंटल लर्निंग प्रोग्राम (ELP) के तहत प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, रतनपुर की ‘उत्सव युवा मंडल’ टीम ने भी विशेष रूप से भाग लेकर डिजिटल मंच की बारीकियों को सीखा।

सम्मेलन का संचालन कोटा ब्लॉक के माय भारत प्रतिनिधि संजीव कुमार यादव ने किया। उन्होंने युवाओं को ‘माय भारत’ पोर्टल के माध्यम से स्वयंसेवा, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने की जानकारी दी। सत्र के अंत में युवाओं के सवालों और तकनीकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।








