Home जायका बन डोसा रेसिपी: घर पर बनाएं सॉफ्ट, स्पंजी और क्रिस्पी साउथ इंडियन...

बन डोसा रेसिपी: घर पर बनाएं सॉफ्ट, स्पंजी और क्रिस्पी साउथ इंडियन स्टाइल बन डोसा और स्वादिष्ट प्याज-टमाटर चटनी

6
0

साउथ इंडियन खाने में डोसा लोगों की पहली पसंद होता है। हालांकि घर में डोसा बनाना आसान काम नहीं है। कई बार डोसा मोटा बनता है, कई बार पटलते वक्त तवे पर चिपक जाता है। कुछ लोगों का डोसा बड़ा नहीं बनता। अगर आपके साथ भी डोसा बनाने में यही झंझट है तो आसान बन डोसा बनाकर खाएं। ये शेप में बन जैसा मोटा और एकदम स्पंजी होता है। इसका स्वाद बहुत ही गजब का होता है। आप इसे प्याज टमाटर की चटनी के साथ खा सकते हैं। शेफ कुणाल कपूर ने बन डोसा की ये खास रेसिपी बताई है।

बन डोसा रेसिपी 

पहला स्टेप- बन डोसा बनाने के लिए आप 1 कप मोटी या बारीक कोई भी सूजी लें और उसे मिक्सर में डाल दें। इसमें आधा कप दही, नमक और थोड़ा पानी डालकर पीस लें। आपको इसे हल्का बैटर जैसा बनाने तक ही पीसना है। बैटर पोरिंग होना चाहिए। सूजी पानी सोखती है अगर गाढ़ा बैटर लगे तो इसमें थोड़ा पानी भी बाद में मिला सकते हैं।

दूसरा स्टेप- अब बैटर में तड़का लगाएंगे। इसके लिए पैन में पहले तेल, हींग, राई डालें। बारीक कटी हरी मिर्च थोड़ी चना दाल, अदरक, थोड़ा प्याज और करी पत्ता डालकर तड़के को हाई फ्लेम पर थोड़ा पकाना है। तड़का बैटर में मिलाएं और मिक्स कर लें। इसमें हरा धनिया डालकर बैटर को अच्छी तरह से फेंटते हुए चलाएं।

तीसरा स्टेप- बैटर रेडी है, इसे बनाने से पहले इसमें आधा छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर डालें और हल्का मिक्स करें। बेकिंग पाउडर नहीं है तो बेकिंग सोडा या ईनो भी डाल सकते हैं। अब तड़का पैन लें उसमें थोड़ा घी डालकर ग्रीस कर लें। अब इसमें 1 बड़ा चमचा भरकर बैटर डालें और इसे मीडियम फ्लेम पर पकने दें।

चौथा स्टेप- जब ये एक साइड से पक जाए तो पलट दें। इसी तरह दोनों साइड से इसे अच्छी तरह से पका लें। सारे बन डोसे ऐसे ही बनाकर तैयार कर लें। आप इन्हें तैयार की गई चटनी के साथ खाएं। ये ऊपर से क्रंची और अंदर से एकदम सॉफ्ट स्पंजी बनेगा।

प्याज टमाटर की चटनी रेसिपी

पैन में 1 चम्मच तेल और डालें। इसमें हींग, 1 चम्मच उड़द दाल, सूखी लाल मिर्च, थोड़ी राई, जीरा डालकर पकाएं। इसमें करी पत्ता, अदरक, हरी मिर्च, साबुत लहसुन की 3-4 कली डालें। हल्का भूनने के बाद इसमें 1 मीडियम कटा प्याज डालकर हल्का भून लें। अब 2 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें। 2 मीडियम टमाटर डालकर हल्का पकाएं। 3 मिनट के लिए हाई हीट पर पकाएं और गैस बंद करके ठंडा कर दें। अब इसे थोड़ी ईमली डालकर चटनी पीस लें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here