बलरामपुर संवाददाता: युसूफ खान
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में उर्वरकों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कृषि विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेज के परिवहन की जा रही 240 बोरी जैविक खाद जब्त की है।
जांच के दौरान संबंधित वाहन चालक एवं परिवहनकर्ता से जैविक खाद के परिवहन संबंधी आवश्यक एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद टीम ने नियमानुसार पूरी खेप को जब्त कर लिया।
प्रशासन ने बताया कि मामले में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही खाद के स्रोत, परिवहन एवं वितरण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच भी जारी है।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए उर्वरकों के अवैध परिवहन, कालाबाजारी एवं अनियमितताओं के विरुद्ध नियमित जांच अभियान जारी रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।








