Home चर्चा में सक्ती में 13 वर्षीय बालक की हत्या का खुलासा, बदला लेने की...

सक्ती में 13 वर्षीय बालक की हत्या का खुलासा, बदला लेने की नीयत से दोस्त ने की हत्या, खेत में गाड़ा शव

9
0

सक्ती संवाददाता – दीपक ठाकुर

सक्ती जिले में 13 वर्षीय बालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए सुनियोजित तरीके से नाबालिग बालक की हत्या कर उसके शव को खेत में दफना दिया था।

जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के परसादखुर्द गांव निवासी 13 वर्षीय कपिल कुमार केंवट चार दिन पहले अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बालक की तलाश शुरू की और विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की।

प्रफुल्ल ठाकुर – एसपी सक्ती

जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही हेमंत कुमार केंवट पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि कुछ समय पहले कपिल के कारण उसे गांव के लोगों के हाथों मारपीट का सामना करना पड़ा था। इसी बात को लेकर वह कपिल से बदला लेना चाहता था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि 8 जुलाई को उसने पहले से बनाई गई योजना के तहत कपिल को पैसों का लालच देकर अपने साथ खेत की ओर ले गया। वहां सुनसान स्थान पर उसने कपिल का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत से कपिल कुमार केंवट का शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार केंवट के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे परसादखुर्द गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here