Home चर्चा में राष्ट्रीय एकता दिवस पर सामरी थाना में वृक्षारोपण, साइबर व यातायात सुरक्षा...

राष्ट्रीय एकता दिवस पर सामरी थाना में वृक्षारोपण, साइबर व यातायात सुरक्षा का दिया संदेश

12
0

युसूफ खान/सामरी, बलरामपुर।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बलरामपुर जिले के सामरी थाना परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ-साथ ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में सामरी थाना स्टाफ के अलावा क्षेत्र के चुनचुना, पुनदाग, चरहटकला, सामरी, सरईडीह, पूरानपानी, सबाग सहित आसपास की कई ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, बीडीसी सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने संदिग्ध कॉल एवं ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की तथा पुलिस के सुरक्षा संबंधी मोबाइल ऐप की भी जानकारी दी।

उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की समझाइश दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना तथा समाज में साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए आम नागरिकों से भी इन संदेशों का पालन करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here