संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
* राजस्व, नगरपालिका एवं यातायात पुलिस की टीम ने रोड किनारे लगे दुकानदारों और ठेला संचालकों को दी समझाइश
* दुकान का सामान सड़क तक फैलाकर न रखें तथा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कर यातायात में बाधा उत्पन्न न करें दी गई समझाइस
* जांजगीर के कचहरी चौक, नेता जी चौक एवं थाना चौक रहे विशेष फोकस
जांजगीर मुख्यालय शहर में बढ़ते यातायात दबाव एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में आज दिनांक 15.07.26 को शाम को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस, तहसीलदार जांजगीर सृजल साहू, सीएमओ नगर पालिका विक्रम सिंह भगत, निरीक्षक सुभाष चौबे यातायात एवं नगरपालिका जांजगीर, राजस्व की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान संचालित किया।

अभियान के दौरान कचहरी चौक से नेताजी चौक एवं थाना चौक तक सड़क किनारे संचालित ठेला, चाट-गुपचुप दुकानों तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि वे अपनी दुकान का सामान सड़क तक फैलाकर न रखें तथा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कर यातायात में बाधा उत्पन्न न करें।
इसके साथ ही दुकानदारों से यह भी आग्रह किया गया कि उनके प्रतिष्ठानों पर आने वाले ग्राहक अपने वाहन मुख्य सड़क पर खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल अथवा सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, जिससे यातायात निर्बाध बना रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
ASP यातायात श्री उदयन बेहार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। सभी के सहयोग से ही शहर में सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
दुकानदारों को चेतावनी
नगर पालिका द्वारा शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाते हुए उन दुकानदारों को चेतावनी दी गई है जिन्होंने अपने छज्जे एवं सामान निर्धारित सीमा से बाहर सड़क तक फैला रखे हैं। इसके साथ ही जिन लोगों ने अपने घरों के बाहर निर्माण सामग्री रखकर सार्वजनिक मार्ग बाधित किया है, उन्हें भी नोटिस जारी किए गए हैं।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित व्यक्तियों द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने और नियमों का पालन करने की अपील की है।








