Home चर्चा में बीमारी के बीच सेवा सेतु बना सहारा, ऑटो तक पहुंचकर सौंपा राशन...

बीमारी के बीच सेवा सेतु बना सहारा, ऑटो तक पहुंचकर सौंपा राशन कार्ड

8
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
बिलासपुर, 15 जुलाई 2026/गंभीर बीमारी से जूझ रहे वार्ड क्रमांक 16 विष्णु नगर निवासी श्री अनंत सिंह चंदेल के लिए सेवा सेतु के माध्यम से समय पर बना राशन कार्ड किसी बड़ी राहत से कम नहीं रहा। प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का ऐसा मानवीय उदाहरण देखने को मिला, जब नगर निगम के जोन क्रमांक-03 के कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर ऑटो तक पहुंचकर उन्हें राशन कार्ड सौंपा।
श्री अनंत सिंह चंदेल पिछले कुछ समय से अस्वस्थ हैं। उपचार के दौरान उन्हें कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। इसी बीच उन्होंने सामान्य राशन कार्ड बनवाने के लिए सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन किया था। अस्पताल से लौटने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनका राशन कार्ड बहुत कम समय में तैयार हो चुका है। कमजोरी और बीमारी के कारण वे स्वयं चलने-फिरने में असमर्थ थे। किसी तरह ऑटो से जोन कार्यालय पहुंचे, लेकिन वाहन से उतरना भी उनके लिए संभव नहीं था। यह जानकारी मिलते ही राशन कार्ड प्रभारी स्वयं कार्यालय से बाहर आए और औपचारिकताओं को सरल बनाते हुए ऑटो में बैठे श्री चंदेल को वहीं राशन कार्ड उपलब्ध कराया।
राशन कार्ड प्राप्त करते समय भावुक श्री अनंत सिंह चंदेल ने कहा, मेरी तबीयत काफी खराब है और मैं कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहा। मुझे लगा था कि राशन कार्ड बनने में समय लगेगा, लेकिन सेवा सेतु के माध्यम से यह बहुत जल्दी बन गया। आज मैं कार्यालय के अंदर भी नहीं जा पा रहा था, फिर भी अधिकारियों ने बाहर आकर मुझे राशन कार्ड दे दिया। अब मेरा आयुष्मान कार्ड बन सकेगा, जिससे इलाज में सहायता मिलेगी और परिवार को राशन भी मिलने लगेगा। यह मेरे लिए बहुत बड़ी राहत है। मैं जिला प्रशासन और नगर निगम का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
यह घटना दर्शाती है कि जब शासन की योजनाएं संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं, तब वे केवल एक सरकारी सेवा नहीं रहतीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के जीवन में भरोसे, सम्मान और नई उम्मीद का आधार बन जाती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here