सरगुजा संवाददाता उमेश कुमार प्रजापति
अम्बिकापुर – जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए कलेक्टर अजीत वसंत ने शुक्रवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय अग्रवाल के साथ लुण्ड्रा विकासखण्ड का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आश्रम-छात्रावासों, विद्यालयों और विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए माध्यमिक शाला असकला में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति के मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
माध्यमिक शाला में मिली आधी उपस्थिति, बीईओ पर कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने सबसे पहले ग्राम पंचायत असकला स्थित माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। यहां 42 विद्यार्थियों की दर्ज संख्या के मुकाबले केवल 22 विद्यार्थी उपस्थित मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एसडीएम को बीईओ के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं प्राथमिक शाला असकला में 34 में से 33 विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन में हरी सब्जियां और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही लकड़ी के चूल्हे के बजाय गैस चूल्हे पर भोजन बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

हाई स्कूल असकला में उन्होंने प्राचार्य को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय गेरसा में शत-प्रतिशत पाठ्यपुस्तक वितरण सुनिश्चित करने तथा एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में तत्काल अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं का लिया जायजा, रात्रि ड्यूटी पर जोर
दौरे के दौरान कलेक्टर उप स्वास्थ्य केंद्र असकला, उप स्वास्थ्य केंद्र गेरसा और स्वास्थ्य केंद्र बरगीडीह पहुंचे। उन्होंने वार्डों, चिकित्सकीय सुविधाओं, संसाधनों और उपकरणों का निरीक्षण किया। सभी पात्र गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने, स्वास्थ्य केंद्रों में जनजागरूकता संबंधी फ्लेक्स और बैनर लगाने तथा चिकित्सकों की रात्रिकालीन अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बरगीडीह स्वास्थ्य केंद्र में 102 एम्बुलेंस की स्टेट मैपिंग के लिए बीएमओ को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
आंगनबाड़ी और आश्रम-छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर भी नजर
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र असकला में बच्चों की उपस्थिति, कुपोषित बच्चों की स्थिति और पोषण आहार की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान किचन में आवश्यक सुविधाओं का अभाव मिलने पर किचन प्लेटफॉर्म निर्माण और पाइपलाइन कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएमओ और सीडीपीओ से कहा कि आंगनबाड़ी से निकलने वाले सभी बच्चों का स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
आदिवासी बालक आश्रम गेरसा में शयन कक्ष, भोजन कक्ष, शौचालय और परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने शौचालयों की मरम्मत, बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और अधूरे सामुदायिक शौचालय का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों, सरपंच और सचिव को दिए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
दौरे के दौरान कलेक्टर ने असकला से दोरना पंचायत के बीच लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे पुल का निरीक्षण किया और गुणवत्ता के साथ शीघ्र निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत जराकेला में प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क का भी निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
कलेक्टर अजीत वसंत ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







