Home चर्चा में भारी बारिश के बाद मौसमी बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, ...

भारी बारिश के बाद मौसमी बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सीएमएचओ ने आकस्मिक बैठक लेकर की हालात की समीक्षा

7
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
45 कॉम्बेट टीमों को 24×7 अलर्ट रहने के निर्देश
बिलासपुर, 17 जुलाई 2026/जिले में पिछले 24 घंटे में हुई भारी बारिश के बाद कई क्षेत्रों में जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों की संभावित स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने आज शाम आकस्मिक बैठक लेकर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की।
          वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, शहरी स्वास्थ्य अधिकारी तथा कॉम्बेट टीम के सदस्य शामिल हुए। सीएमएचओ ने निर्देश दिए कि भारी बारिश के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता विशेष निगरानी रखें और जरूरतमंद लोगों को तत्काल आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराएं।
           बैठक में बताया गया कि जिले में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता है। जिला एवं विकासखंड स्तर पर कुल 45 कॉम्बेट टीमें गठित की गई हैं। सभी पीएचसी प्रभारी और टीम के सदस्यों को मोबाइल फोन चालू रखते हुए किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
         नगर निगम क्षेत्र में भारी बारिश से प्रभावित जोरापारा, चिंगराजपारा, चचुहिया पारा, बंधवापारा, बसंत विहार और तिफरा सहित अन्य क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन क्षेत्रों में सतत निगरानी रखेंगी और आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं एवं दवाइयां उपलब्ध कराएंगी।
         सीएमएचओ ने सभी पेयजल स्रोतों में क्लोरीनेशन एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही लोगों को संक्रमण से बचाव के उपायों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में सड़ी-गली सब्जी, फल, मांस और मछली का सेवन न करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। ऐसे खाद्य पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई और नष्ट कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढंककर बेचने के निर्देश भी दिए गए हैं।
         सीएमएचओ ने मैदानी अमले को सतत निगरानी रखते हुए किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल नोडल अधिकारी, आईडीएसपी अथवा संबंधित टीम को मोबाइल के माध्यम से देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए और 24×7 निगरानी के साथ तत्काल कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार रहे।
         स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के बाद साफ पानी का उपयोग करें, भोजन एवं पेयजल की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और बुखार, उल्टी-दस्त अथवा अन्य स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here