वीरेन्द्र तिवारी | सरगुजा
बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलकोटा के जोड़ा तालाब के पास शुक्रवार को एक बाइक संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17.07.2026 को बेलकोटा से एक एचएफ डीलक्स बाइक चोरी होने की सूचना मिली थी। ग्रामीण चोरी हुई बाइक की तलाश कर रहे थे, तभी जोड़ा तालाब के बीचों-बीच एक संदिग्ध अवस्था में बाइक दिखाई दी।
ग्रामीणों ने देखा कि तालाब में पड़ी बाइक के दोनों पहिए गायब थे। तत्काल इसकी सूचना डायल 112 को दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 के आरक्षक क्रमांक 876 विकास मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाइक को तालाब से बाहर निकलवाया। जांच के दौरान पता चला कि तालाब से बरामद वाहन पैशन बाइक है, जिस पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इसके बाद बाइक को आगे की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना बतौली लाया गया।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पैशन बाइक किसकी है तथा इसका बेलकोटा से चोरी हुई एचएफ डीलक्स बाइक से कोई संबंध है या नहीं। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।







