आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में बच्चों के लिए एक विशेष ज्ञानवर्धक और सुरुचिपूर्ण कार्यक्रम ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया। यह गरिमामयी आयोजन एडवोकेट रीति सोनपिपरे द्वारा अपने स्वर्गीय पिता (पूर्व तहसीलदार) आर एस सोनपिपरे की पावन स्मृति में किया गया था, जिसमें स्कूल के लगभग 132 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में बच्चों ने पूरी श्रद्धा के साथ भोजन मंत्र का उच्चारण किया, जिसके बाद उन्हें न्योता भोज के रूप में सुरुचिपूर्ण व्यंजन जैसे गरमा-गरम समोसा, जलेबी, नमकीन और आलूचाप परोसा गया।

भोज के उपरांत एडवोकेट रीति सोनपिपरे और रश्मि मिश्रा ने बच्चों की एक विशेष क्लास ली, जिसमें उन्होंने बेहद सरल और सहज शब्दों में बच्चों को शिक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार और बाल श्रम के खिलाफ मिलने वाले कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रश्नोत्तर शैली के माध्यम से बच्चों को देश चलाने के बुनियादी नियमों, स्कूल में अनुशासन के महत्व, सुरक्षित सड़क पार करने के नियमों तथा पर्यावरण समृद्धि व संरक्षण के बारे में विस्तार से समझाया। स्वादिष्ट भोजन और ज्ञानवर्धक बातें सीखकर बच्चे बेहद खुश नजर आए और उन्होंने एडवोकेट रीति व रश्मि को धन्यवाद देते हुए उनसे दोबारा स्कूल आने का आग्रह किया।
इस सराहनीय आयोजन में सरपंच प्रतिनिधि पुरुषोत्तम सोनवानी, एसएमसी अध्यक्ष रेखराज देवांगन, प्रधान पाठक गण अरविंद वैष्णव व के. के. साहू सहित शिक्षकगण रामनारायण कन्नौजे, विमला चौहान, नोहर लाल यादव और फातिमा जांगड़े की उपस्थिति रही। इसके साथ ही मध्यान्ह भोजन स्व-सहायता समूह की महिलाओं और सफाई कर्मियों ने भी कार्यक्रम की व्यवस्था संभालने में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।







