सरगुजा संवाददाता उमेश कुमार प्रजापति
सरगुजा के लुंड्रा थाना क्षेत्र के नागम गांव में दर्दनाक हादसा, हल्की बारिश के दौरान पेड़ के नीचे बैठे थे चारों बच्चे
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागम में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। हल्की बारिश के दौरान पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल देख रहे चार बच्चे अचानक गाज की चपेट में आ गए। हादसे में दो मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे गांव में हल्की बारिश शुरू हुई। इसी दौरान रंजीत नगेशिया (12 वर्ष), रोशन नगेशिया (12 वर्ष), प्रभु राम (11 वर्ष) और उसका बड़ा भाई दिनेश (13 वर्ष) पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल देख रहे थे। तभी तेज गर्जना और चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से चारों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद रंजीत नगेशिया और रोशन नगेशिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रभु राम और दिनेश का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है।
घटना के बाद नागम गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
सावधानी जरूरी:-विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश और गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे खड़ा होना या बैठना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसे समय खुले स्थानों और ऊंचे पेड़ों से दूर रहना चाहिए तथा सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय में शरण लेनी चाहिए।







