Home चर्चा में उत्तर बिल्हा प्रखंड के ग्राम जाली में त्रिशूल वितरण एवं बाजे-गाजे के...

उत्तर बिल्हा प्रखंड के ग्राम जाली में त्रिशूल वितरण एवं बाजे-गाजे के साथ भव्य नगर भ्रमण सम्पन्न

10
0
रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी
विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, उत्तर बिल्हा प्रखंड के तत्वावधान में ग्राम जाली में त्रिशूल वितरण कार्यक्रम अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं धार्मिक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवाओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही। संपूर्ण ग्राम भगवा ध्वजों, जय श्रीराम के उद्घोष एवं भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम, भारत माता एवं वीर हनुमान जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात बजरंग दल के देवतुल्य कार्यकर्ताओं को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच त्रिशूल वितरित किए गए तथा उन्हें धर्म, समाज एवं राष्ट्र की रक्षा, सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार के कार्यों में सदैव अग्रणी रहने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर मातृ शक्ति विभाग संयोजिका श्रीमती कमलनीन गुप्ता जी, तखतपुर प्रखंड अध्यक्ष श्री मोतीलाल यादव जी, रतनपुर प्रखंड अध्यक्ष श्री दीपक जी, जिला उपाध्यक्ष श्री भोलाराव सिंह मराठा जी, उत्तर बिल्हा प्रखंड अध्यक्ष श्री आकाश यादव जी, प्रखंड मंत्री श्री राम धीवर जी तथा संयोजक श्री शिवमंगल सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही उत्तर बिल्हा प्रखंड समिति के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने कहा कि त्रिशूल भगवान शिव का दिव्य आयुध है तथा यह धर्म, आत्मसम्मान, आत्मरक्षा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से संगठन की सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने, सामाजिक समरसता को बढ़ाने तथा राष्ट्रहित के प्रत्येक कार्य में सदैव अग्रसर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत भगवा ध्वजों, ढोल-नगाड़ों एवं बाजे-गाजे के साथ ग्राम जाली में भव्य नगर भ्रमण निकाला गया। नगर भ्रमण के दौरान पूरे ग्राम में जय श्रीराम, भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के उद्घोष गूंजते रहे। ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ कर राष्ट्र की उन्नति, समाज की एकता एवं सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प लिया। अंत में भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोषों के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here