US-ईरान के बढ़ते तनाव और बेहद हिंसक होते युद्ध के बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में भारतीय नागरिकों के लिए एक संशोधित सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है. भारतीय दूतावास ने ईरान में रहने वाले अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वो बहुत ज्यादा सावधानी बरतें. सभी भारतीयों को ईरान की यात्रा टालने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही पहले से मौजूद लोगों को ईरान से जाने को कहा गया है.
ईरान में भारतीय दूतावास ने उन नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की जो ईरान जाने की योजना बना रहे हैं. जो भारतीय पहले से ही ईरान में हैं, उनसे भी कहा गया है कि वे कुछ समय के लिए देश छोड़ने पर विचार करें.
भारत ने अपने नागरिकों के लिए सख्त ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है. एडवाइजरी में तेहरान में पहले से मौजूद भारतीयों से कमर्शियल उड़ानों का इस्तेमाल करके देश छोड़ने को कहा गया है. तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सुरक्षा स्थितियों का हवाला देते हुए सभी भारतीय नागरिकों को ईरान की अपनी आगामी यात्राओं को पूरी तरह से टालने की सख्त सलाह दी है.
भारतीय दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि “हाल के दिनों में ईरान में अस्थिरता और संघर्ष का स्तर बढ़ा है.’ यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है, जब ईरान और अमेरिका के बीच हमले तेज हो गए हैं और पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है.
दूतावास ने अपने बयान में कहा है कि पिछले कुछ दिनों में पूरे ईरान के भीतर अस्थिरता और हिंसा में भारी बढ़ोतरी देखी गई है, जिसके चलते सुरक्षा वातावरण अत्यंत चिंताजनक हो गया है. वहां मौजूद भारतीयों से कहा गया है, ‘ईरान में रह रहे भारतीय नागरिक मौजूदा कमर्शियल फ्लाइट्स के विकल्पों का उपयोग करके अस्थायी रूप से देश से बाहर निकलने पर विचार करें.
ईरान में मौजूद जितने भी भारतीय नागरिक हैं, एडवाइजरी में उन्हें सलाह दी गई है कि वो तुरंत भारतीय दूतावास में रजिस्ट्रेशन कराएं. जो लोग अभी तक नहीं कर पाए है, उन्हें तुरंत पंजीकरण कराने और दूतावास की वेबसाइट व सोशल मीडिया हैंडल को लगातार मॉनिटर करने को कहा गया है.