नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर अपनी प्रमुख मांगों से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा या उन्हें पद से हटाने की कार्रवाई। दूसरी, परीक्षा संबंधी घटनाओं से प्रभावित होकर आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग। तीसरी, अनशन पर रहे सोनम वांगचुक को पुनः जंतर-मंतर लाकर उनका अनशन सम्मानजनक तरीके से समाप्त कराने की मांग शामिल रही।
मुलाकात के बाद CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सरकार ने उनकी मांगों पर उचित स्तर पर चर्चा करने का भरोसा दिया है। हालांकि, अभी तक किसी मांग पर अंतिम निर्णय या औपचारिक आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के सुझाव सरकार के समक्ष रखे जाएंगे और उनसे आंदोलन समाप्त करने की अपील की। इसी दौरान प्रशासन ने जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल खाली कराते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया।







