बलरामपुर-रामानुजगंज | संवाददाता – युसूफ खान
सामरीपाठ पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे झारखंड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दोनों आरोपी थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड) के निवासी हैं और घटना के बाद से पुलिस से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई की रात केरापाठ में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान तस्कर पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक पिकअप वाहन में 5 भैंस एवं 1 पाड़ी को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ तथा एक आर्टिगा कार बरामद की थी।
मामले में अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरगढ़ (झारखंड) में दबिश देकर अलीराजा अंसारी (31 वर्ष) एवं शफी आलम (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में सामरीपाठ पुलिस टीम द्वारा की गई।







