Home चर्चा में विकसित भारत की नई रफ्तार: अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली चांपा...

विकसित भारत की नई रफ्तार: अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली चांपा जंक्शन की तस्वीर देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण, चांपा, बालोद और सरोना को मिली आधुनिक पहचान

14
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला जांजगीर-चांपा, 17 जुलाई 2026।
भारतीय रेलवे देश की आधारभूत संरचना को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ के चांपा जंक्शन, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशन भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर राष्ट्र को समर्पित किए गए।
यह योजना केवल स्टेशनों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय रेल यात्रा का अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति, आधुनिक तकनीक और बेहतर यात्री सुविधाओं का समन्वित केंद्र बनाना है।
चांपा जंक्शन को मिला आधुनिक स्वरूप
जांजगीर-चांपा जिले का प्रमुख रेलवे स्टेशन चांपा जंक्शन अब पूरी तरह बदली हुई पहचान के साथ यात्रियों का स्वागत करेगा। स्टेशन पर अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, आकर्षक प्रवेश द्वार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ परिसर, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल सूचना प्रणाली, सुव्यवस्थित यात्री सुविधाएं तथा सौंदर्यीकरण के अनेक कार्य किए गए हैं। इससे न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र की औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
 
छात्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बांधा समां
लोकार्पण समारोह के दौरान नव जागृति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांपा के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी देशभक्ति और छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों को उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने खूब सराहा। नव जागृति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपा प्राचार्य डॉ, एस, आर, प्रकाश जी मार्गदर्शन में
कार्यक्रम की प्रस्तुति में प्रभारी शिक्षिका श्रीमती प्रीति सोनी एवं कु. किरण नेताम के मार्गदर्शन में कु. लक्ष्मी साहू, माही पटेल, आशीष चंद्रिकापूरे, विधा देवांगन, उबी देवांगन, रिया वस्त्रकार, कुलकित साहू, जयराम पटेल, गजेंद्र चंद्रिकापूरे, रामनारायण देवांगन, लक्ष्मी प्रसाद देवांगन तथा विनोद वस्त्रकार सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
चांपा, बालोद और सरोना जैसे तीन महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों का एक साथ पुनर्विकास राज्य के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। आधुनिक रेलवे स्टेशन बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार, उद्योग और स्थानीय रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। विशेष रूप से चांपा जैसे औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक रेलवे अवसंरचना का सीधा लाभ मिलेगा।
गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत, कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, शक्ति जिले के कलेक्टर अमृत विकास टोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विकसित भारत के संकल्प को मिल रही मजबूती
अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। यह पहल केवल रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक रेलवे स्टेशन बेहतर यात्री सुविधाओं के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास, आर्थिक प्रगति और रोजगार सृजन के नए अवसर भी प्रदान करेंगे। चांपा जंक्शन का नया स्वरूप निश्चित रूप से जांजगीर-चांपा जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here