Home मुख्य ख़बरें डाक विभाग और फ्लिपकार्ट की बड़ी साझेदारी, अब दूर-दराज तक होगी तेज...

डाक विभाग और फ्लिपकार्ट की बड़ी साझेदारी, अब दूर-दराज तक होगी तेज पार्सल डिलीवरी

1
0

भारत के ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए डाक विभाग और फ्लिपकार्ट इंडिया ने पार्सल डिलीवरी सेवाओं के लिए पार्टनरशिप की है। देश में दूर-दराज के इलाकों में डिलीवरी क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, डाक विभाग और फ्लिपकार्ट इंडिया ने एक अहम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

फ्लिपकार्ट को मिलेगा डाक विभाग की बेजोड़ पहुंच का फायदा

शुक्रवार को दिल्ली में डाक विभाग और फ्लिपकार्ट इंडिया ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का उद्देश्य डाक विभाग की बेजोड़ पहुंच और भरोसेमंद डिलीवरी नेटवर्क के साथ-साथ भारत के ई-कॉमर्स सेक्टर में फ्लिपकार्ट की मजबूत उपस्थिति का लाभ उठाकर पूरे देश में कुशल, विश्वसनीय और ग्राहक-केंद्रित पार्सल डिलीवरी समाधान प्रदान करना है। समझौते के तहत, डाक विभाग पूरे भारत में फ्लिपकार्ट शिपमेंट के लिए अंतिम दूरी तक डिलीवरी सेवाएं प्रदान करेगा।

समझौते की मुख्य विशेषताएं

  • फ्लिपकार्ट, दूर-दराज और कम सुविधा वाले क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्सल डिलीवरी सेवाओं के लिए इंडिया पोस्ट के व्यापक नेटवर्क का इस्तेमाल करेगा।
  • इन सेवाओं में प्रीपेड और कैश ऑन डिलीवरी (COD) पार्सल की डिलीवरी, ओटीपी आधारित डिलीवरी प्रमाणीकरण और रियल-टाइम शिपमेंट ट्रैकिंग शामिल हैं।
  • ये समझौता कुशल पार्सल आवागमन और वितरण के लिए तेज डिलीवरी, बेहतर परिचालन समन्वय और निर्बाध प्रौद्योगिकी एकीकरण पर केंद्रित है।
  • इस सहयोग से भारत के तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स क्षेत्र को समर्थन देने वाले लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर को और भी ज्यादा मजबूती मिलने की उम्मीद है।
  • कंपनी का मिलेगा डाक विभाग के 1.6 लाख से ज्यादा डाकघरों का नेटवर्क
  • इस साझेदारी के माध्यम से, फ्लिपकार्ट को डाक विभाग के 1.6 लाख से ज्यादा डाकघरों के विशाल नेटवर्क और पूरे भारत में अद्वितीय वितरण नेटवर्क तक पहुंच प्राप्त होगी। इससे बाजार तक व्यापक पहुंच, वितरण दक्षता में सुधार और विशेष रूप से दूरस्थ तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सेवा प्रदान करने में सहायता मिलेगी।

अमेजन पहले ही भारतीय डाक के साथ कर चुका है साझेदारी

बताते चलें कि इससे पहले अमेजन इंडिया ने दूर-दराज के इलाकों में सामानों की डिलीवरी पहुंचाने के लिए भारतीय डाक के साथ साझेदारी की थी। लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स को मजबूत बनाने के उद्देश्य से अमेजन और डाक विभाग ने अक्टूबर 2024 में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here