आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। साहित्य सोम संगम सीतापुर केंद्रीय पटल उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य राष्ट्रीय आभासी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। संस्थापक सोमेश तिवारी ‘सोम’ के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से नामी-गिरामी कवियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, वाणी वंदना रवेंद्र पाल सिंह रसिक मथुरा,मंगलाचरण राम जी लाल वर्मा कल्याण मुंबई तथा छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र के रचनाकारों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस विशेष साहित्यिक आयोजन में कवियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और स्वाधीनता आंदोलन के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कवि सम्मेलन के दौरान मंच पर महारानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, मंगल पांडे, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के महान वीर सपूत और प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को विशेष रूप से याद किया गया। रचनाकारों ने दोहे, छंद और गजलों की विधा का प्रभावी उपयोग करते हुए आजाद भारत के निरंतर बढ़ते कदमों, देश की उपलब्धियों और समसामयिक विषयों जैसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर अपनी ओजस्वी और मार्मिक रचनाओं का पाठ किया। इस गरिमामयी और देशभक्ति से ओतप्रोत आयोजन में छत्तीसगढ़ से सुरेंद्र अग्निहोत्री आगी महासमुंद,जलेश्वरी वस्त्रकार जयराम नगर बिलासपुर,एवं आरंग से हरमन बघेल हरि,अरविंद वैष्णव एवं गोपत राम टंडन की सहभागिता रही तथा संस्थापक सोमेश तिवारी सोम ने कहा कि कवियों की काव्य धारा को और प्रखर बनाने के लिए पटल समर्पित है ,संचालन कवि फूलचंद विश्वकर्मा अम्बेडकर नगर एवं आभार कवि मनोज उरई कल्याण मुंबई ने किया ।







