देशभर में चीनी के दाम आसमान छू रहे हैं। पिछले 17 दिन में चीनी के दाम (Sugar Price Today) में 19 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं पिछले दो महीने में चीनी 40% महंगा हो चुका है। चीनी के दाम में बेतहाशा बढ़ोतरी को रोकने के लिए मोदी सरकार ने एक्शन लिया है। केंद्र की मोदी सरकार ने चीनी के आयात को टैक्स फ्री कर दिया है। सरकार के इस फैसले से आने वाले दिनों में चीनी सस्ती हो सकती है। ये छूट 31 अक्टूबर तक रहेगी। अभी चीनी रिटेल में ₹55 प्रति किलो के करीब बिक रही है।
इधर मोदी सरकार चीनी के दाम को काबू में करने के लिए ताबड़तोड़ एक्शन ले रही है। गुरुवार को सरकार ने जहां, 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात की मंजूरी दी वहीं, मिलों के लिए भी सख्त निर्देश दिए। इसके बावजूद 20 अगस्त को ही चीनी के थोक भाव में 525 रुपये तक की उछाल दर्ज की गई। वहीं रिटेल प्राइस भी 55 रुपये किलो तक पहुंच गई। ब्रांडेड पैकेट बंद चीनी की कीमतें 80 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई हैं।
केंद्र सरकार की जारी अधिसूचना के अनुसार 10 लाख मीट्रिक टन का टैरिफ रेट कोटा लागू होगा। इस कोटे के तहत निर्धारित मात्रा तक कच्ची चीनी का शुल्क मुक्त आयात किया जा सकेगा। इसके लिए अधिसूचना में निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा। आयात की गई कच्ची चीनी से तैयार की गई चीनी को 31 अक्टूबर 2026 तक घरेलू बाजार में बेचने की भी शर्त रखी गई है। सरकार ने चीनी की रिकॉर्ड कीमतों को काबू में करने के लिए बुधवार को एक आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक डीलर हर महीने 10 मीट्रिक टन से अधिक चीनी का इस्तेमाल करते हैं, वे 15 दिनों से अधिक समय तक स्टॉक नहीं रख सकते। नोटिफिकेशन के अनुसार, यह आदेश एक सितंबर से लागू होगा और 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगा।
सरकार ने देश में शक्कर की कमी न हो, इसलिए इसके निर्यात पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। यह रोक 30 सितंबर 2026 तक लागू रहेगी।सरकार ने चीनी को पूरी तरह प्रतिबंधित कैटेगरी में डाल दिया है, यानी अब सरकार की इजाजत के बिना कोई भी व्यापारी देश से बाहर चीनी नहीं बेच पाएगा।