Home चर्चा में खपरी भ से गूंजा बोल बम का जयघोष, 60 कांवड़ियों का जत्था...

खपरी भ से गूंजा बोल बम का जयघोष, 60 कांवड़ियों का जत्था भूतेश्वर महादेव के लिए रवाना

13
0
राजिम से पवित्र जल लेकर पैदल पहुंचेंगे गरियाबंद, बाबा भूतेश्वर महादेव को करेंगे जलाभिषेक
जिला संवादाता डुगेश्वर संजू साहू
भवानीपुर/पलारी। सावन माह की पावन भक्ति और आस्था के बीच ग्राम खपरी भ से 60 कांवड़ियों का विशाल जत्था गरियाबंद स्थित प्रसिद्ध भूतेश्वर महादेव मंदिर में जल अर्पित करने के लिए रवाना हुआ। कांवड़ियों के रवाना होने के दौरान गांव में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
कांवड़ यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालु सबसे पहले राजिम पहुंचेंगे, जहां से पवित्र नदी का जल कांवड़ में लेकर अपनी पैदल यात्रा प्रारंभ करेंगे। श्रद्धालु कांवड़ में जल लेकर पैदल गरियाबंद स्थित बाबा भूतेश्वर महादेव के दरबार तक पहुंचेंगे। वहां पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करेंगे और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं अच्छी बारिश की कामना करेंगे।
कांवड़ियों में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। भगवा वस्त्र धारण किए श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए यात्रा पर निकले। ग्रामीणों ने भी कांवड़ियों को शुभकामनाएं देकर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
श्रद्धालुओं का कहना है कि सावन माह में भगवान शिव को पवित्र जल अर्पित करने की परंपरा आस्था और भक्ति का प्रतीक है। इसी भावना के साथ ग्राम खपरी भ के कांवड़िए राजिम से जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा भूतेश्वर महादेव के दरबार पहुंचेंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में धार्मिक उत्साह और आपसी भाईचारे की भावना भी देखने को मिलेगी।
भक्ति और आस्था के साथ पूरी होगी यात्रा
लगभग 60 कांवड़ियों का यह जत्था पैदल यात्रा के दौरान जगह-जगह भगवान शिव का स्मरण करते हुए आगे बढ़ेगा। कांवड़ियों के अनुसार बाबा भूतेश्वर महादेव के दरबार में पहुंचकर जल अर्पित करना उनके लिए विशेष आस्था का विषय है। ग्रामीणों ने यात्रा की सफलता और सभी कांवड़ियों के सुरक्षित लौटने की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here