संवाददाता – विमल सोनी
बिलासपुर। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रविंद्र सिंह ने कहा कि शक्कर, प्याज, दाल, पेट्रोल-डीजल, गैस, खाद्य तेल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं और खनिज सामग्री के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसका सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट के साथ-साथ होटल और छोटे व्यवसायों पर भी देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आम जनता ‘आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपैया’ के दौर से गुजर रही है। महंगाई के कारण लोगों की आय का बड़ा हिस्सा रोजमर्रा की जरूरतों में ही खर्च हो जा रहा है, जिससे बचत करना मुश्किल हो गया है।
रविंद्र सिंह ने कहा कि त्योहारों के समय आवश्यक खाद्य सामग्री के दामों में लगातार बढ़ोतरी से आमजन में नाराजगी बढ़ रही है। केंद्र और राज्य सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार को आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए।







